सिंगरौली: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में अवैध रेत उत्खनन का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहरा गांव में रविवार शाम 35 वर्षीय अरुण कोल को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर फरार बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरते हुए पुलिस और खनिज विभाग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेत माफियाओं के मन में न तो सरकार का डर है और न ही पुलिस प्रशासन का खौफ। सिंगरौली में अवैध रेत उत्खनन का विरोध करने वाले आदिवासी युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह घटना बताती है कि प्रदेश में माफियाओं के हौसले कितने बुलंद हैं और कानून-व्यवस्था किस कदर बेबस हो चुकी है।
पुलिस और खनिज विभाग की भूमिका पर उठाए सवाल
उमंग सिंघार ने कहा कि जब ग्रामीणों की ओर से पुलिस और खनिज विभाग की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो सरकार की निगरानी व्यवस्था पर सवाल क्यों नहीं उठने चाहिए? उन्होंने पूछा कि आखिर अवैध रेत उत्खनन का कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव से पूछा- माफियाओं का राज कब खत्म होगा?
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि प्रदेश में माफियाओं का राज आखिर कब खत्म होगा? क्या अवैध खनन का विरोध करने वालों की जान की भी कोई कीमत नहीं है? उन्होंने मांग की कि सरकार इस घटना पर जवाब दे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
अरुण कोल की मौत के बाद कांग्रेस ने सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है। वहीं, आरोपी चालक के फरार होने की बात सामने आई है। इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन और उससे जुड़े मामलों में निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
