UP Draft Voter List: लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग ने विशेष पुनरीक्षण (SSR) के तहत मंगलवार, 17 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इसके मुताबिक, प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या करीब 19 लाख बढ़कर 13.39 करोड़ से 13.58 करोड़ हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नई मतदाता सूची की जानकारी दी।
यूपी में कितने हैं कुल मतदाता?
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के अनुसार, प्रदेश में कुल 13,58,68,905 मतदाता हैं। इनमें 7,38,58,510 पुरुष और 6,20,06,353 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, 18 से 19 साल आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 11,83,352 बताई गई है।
अनुमानित संख्या से 2.58 करोड़ कम मतदाता
जारी आंकड़ों के मुताबिक, जनसंख्या के अनुमान के आधार पर उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 2,58,16,096 कम बताई गई है। अनुमान के अनुसार, प्रदेश में 8,32,76,000 पुरुष मतदाता होने चाहिए, जबकि ड्राफ्ट सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या इससे 94,17,490 कम है।
इसी तरह महिला मतदाताओं की अनुमानित संख्या 7,84,09,000 बताई गई है, जबकि ड्राफ्ट सूची में 6,20,06,353 महिला मतदाता दर्ज हैं। इस आधार पर अनुमानित संख्या से महिला मतदाताओं की कमी 1,64,02,647 बताई गई है।
कब आएगी फाइनल वोटर लिस्ट?
चुनाव आयोग के तय कार्यक्रम के मुताबिक, 17 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। वहीं, अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी होगी।
बीजेपी चलाएगी मतदाता जोड़ो अभियान
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही बीजेपी ने प्रदेश में ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक एक महीने का विशेष अभियान चलाएगी। इसके तहत विधानसभा चुनाव से पहले छूटे हुए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।
पार्टी ने प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर 50-50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इस तरह करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने की योजना है।
