MP Sidhi News: सीधी: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। EOW ने नियमितीकरण की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग के एक छात्रावास अधीक्षक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। EOW की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभा किरण किर्रो के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम ने हाउसिंग बोर्ड स्थित आरोपी के आवास पर दबिश देकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
नियमितीकरण के नाम पर मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्रावास अधीक्षक की पहचान रामदरस द्विवेदी के रूप में हुई है। वह सीधी जिले के पतुलखी छात्रावास में पदस्थ है। फरियादी सुरेश प्रसाद द्विवेदी ने EOW रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि अधीक्षक रामदरस द्विवेदी उनके नियमितीकरण की फाइल आगे बढ़ाने और काम कराने के एवज में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद EOW की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले की जांच की और रिश्वत मांगने की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। फरियादी को केमिकल लगे 50 हजार रुपये देकर आरोपी के हाउसिंग बोर्ड स्थित आवास पर भेजा गया।
रिश्वत की रकम हाथ में लेते ही गिरफ्तार
जैसे ही आरोपी छात्रावास अधीक्षक ने फरियादी से रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से मौके पर मौजूद 15 सदस्यीय EOW टीम ने दबिश दे दी। टीम ने रामदरस द्विवेदी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
जमोड़ी विश्राम गृह में आगे की कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद EOW की टीम आरोपी अधीक्षक को सीधी के उच्च विश्राम गृह जमोड़ी लेकर पहुंची। यहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी और दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि सीधी जिले में बीते एक साल के दौरान लोकायुक्त की लगातार कार्रवाइयों के बाद अब EOW की इस ट्रैप कार्रवाई से विभागीय गलियारों में हलचल मच गई है। सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।
