MP Indore News: इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे से हटाई गई सब्जी मंडी के विरोध में शुक्रवार को भी कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और सब्जी व्यापारी प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूटी कोठी चौराहे से अटल रोड की ओर मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच बहसबाजी और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद जीतू पटवारी और सब्जी व्यापारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान पटवारी ने प्रशासन और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सब्जी व्यापारियों और महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा, “हमें गोली मारना है तो मार दो, लेकिन हम बिना न्याय के हटने वाले नहीं हैं।”

मुख्यमंत्री इंदौर से रणछोड़कर भाग गए हैं: जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे इंदौर से रणछोड़कर भाग गए हैं। अब उन्हें प्रदेश की सत्ता से भी रणछोड़ बना देंगे। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सहाय और डीसीपी नरेंद्र रावत से चर्चा की। प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन मिलने के बाद करीब दो घंटे तक चला विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल ही में यह जिम्मेदारी केदार काश्यप को सौंप दी गई है। इसी मुद्दे को लेकर पटवारी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा।

जीतू पटवारी ने महिला से पूछा कमाई का हाल

प्रदर्शन के दौरान जीतू पटवारी ने एक सब्जी बेचने वाली महिला से उसकी कमाई के बारे में सवाल किया। महिला ने बताया कि पहले किसी तरह घर का भरण-पोषण हो जाता था, लेकिन अब स्थिति ऐसी हो गई है कि जीवन गुजारना भी मुश्किल लग रहा है। महिला ने अपनी परेशानी के लिए महापौर और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।

वहीं, पटवारी ने कहा कि प्रदेश में पिछले 25 साल से भाजपा की सत्ता है, लेकिन इसके बावजूद रोजाना 500 से 1000 रुपये कमाने वाले ठेले वालों और सब्जी विक्रेताओं के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

सब्जी मंडी दोबारा शुरू होने तक लड़ते रहेंगे हक की लड़ाई

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि गरीब व्यापारियों की दुकानें दोबारा शुरू होने तक वे उनके हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने आज रोका है तो वे कल फिर आएंगे और अगर कल भी रोका गया तो 15 दिन बाद वापस लौटेंगे। हर हाल में यहां सब्जी मंडी दोबारा शुरू करवाकर ही दम लेंगे। पटवारी ने कहा कि रोज कमाने और खाने वाले गरीब व्यापारी सरकारी वादाखिलाफी का शिकार हो रहे हैं।