Rameshwar Sharma Controversial Statement: भोपाल: राजधानी भोपाल के करोंद में रविवार रात आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान हुजूर से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। मंच से संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, “करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे।” उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

बयान के बाद दी सफाई

बयान के तुरंत बाद रामेश्वर शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से नहीं था, बल्कि इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप से था। उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए अपने बयान को वहीं से जोड़कर स्पष्ट करने की कोशिश की।

कहा- पाकिस्तान में भी होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिता

करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में रामेश्वर शर्मा ने हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिंदू एकता सिर्फ मटकी फोड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर एकजुट रहना चाहिए।

पाकिस्तान का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या वे इस्लामाबाद में मटकी फोड़ना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि वहां मटकी फोड़ने के लिए पहले वहां की मटकी फोड़नी पड़ेगी।

हिंदू समाज से एकजुट रहने की अपील

रामेश्वर शर्मा ने हिंदू समाज से जातियों में नहीं बंटने की अपील करते हुए कहा कि जातिगत पहचान से पहले हिंदू और भारतीय होने की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने देश के लिए समर्पित लोगों के सम्मान और मातृभूमि के प्रति निष्ठा को हर नागरिक का कर्तव्य बताया।

बयान पर सियासत गर्माने के आसार

रामेश्वर शर्मा के बयान और उसके बाद दी गई सफाई को लेकर अब राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं। कार्यक्रम में दिए गए उनके संबोधन में पाकिस्तान, हिंदू एकता और राष्ट्रवाद से जुड़े कई मुद्दे प्रमुखता से सामने आए।