MP Damoh News: दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह में भाजपा नेता गौरव पटेल की बर्थडे पार्टी का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो पथरिया के सेमरा स्थित कक्कू ढाबे का बताया जा रहा है, जहां 12 सितंबर को गौरव पटेल की जन्मदिन पार्टी आयोजित की गई थी। वीडियो में बुंदेली सिंगर एक ऐसा गाना गाते नजर आ रहे हैं, जिसमें बंडा में हुई जहरीली शराब कांड की मौतों का जिक्र है। गाने के दौरान मंच पर मौजूद महिला डांसर्स मुस्कुराते हुए डांस करती दिखाई दे रही हैं, जबकि कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोग ठहाके लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेता गौरव पटेल की जमकर आलोचना हो रही है।

बंडा शराब कांड में हुई मौतों को लेकर पहले से ही राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में वायरल वीडियो में मौतों के संदर्भ वाले गाने को लेकर अब विवाद बढ़ गया है।

गाने में बंडा में हुई मौतों का जिक्र

वायरल वीडियो में मंच पर बुंदेली सिंगर गाना गाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में गाने के दौरान बंडा में हुई मौतों का संदर्भ सुनाई देता है। इस दौरान दो महिला डांसर मंच पर डांस करती नजर आती हैं। कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों के हंसने और ठहाके लगाने के दृश्य भी वीडियो में दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। खासतौर पर जहरीली शराब से हुई मौतों के संदर्भ में इस तरह के गाने को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है।

बर्थडे पार्टी में कई भाजपा नेता हुए शामिल

जानकारी के मुताबिक यह पार्टी 12 सितंबर को पथरिया के सेमरा स्थित कक्कू ढाबे में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में दमोह सांसद राहुल सिंह और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसुमरिया समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे। गौरव पटेल दमोह जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल के पति हैं। पार्टी में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राजनीतिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे।

कक्कू ढाबा पहले भी विवादों में रहा

जिस कक्कू ढाबे में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ, वह इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। बताया गया है कि इसी ढाबे पर पूर्व में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे एक सब इंस्पेक्टर के साथ संचालक द्वारा कथित तौर पर बदसलूकी की गई थी। इस दौरान एसआई पर हमला करने की कोशिश का भी आरोप लगा था। ऐसे में अब इसी स्थान पर आयोजित पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।

वीडियो सामने आने के बाद गौरव पटेल ने मांगी माफी

वीडियो विवाद बढ़ने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि यदि वीडियो या कार्यक्रम में कही गई बात से किसी को बुरा लगा है तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं। गौरव पटेल ने यह भी कहा कि कलाकार ने लोगों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील की थी। उनका कहना है कि कार्यक्रम में शराब के खिलाफ संदेश दिया गया था। हालांकि, यदि किसी को गाने के जरिए शराब कांड में हुई मौतों का मजाक उड़ाए जाने जैसा लगा है, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। हालांकि कार्यक्रम के बाद भाजपा नेता की राजनीतिक गलियारों में जमकर आलोचना हो रही है।

सिंगर ने सोशल मीडिया पर जारी किया माफीनामा

विवाद बढ़ने के बाद कार्यक्रम में गाना गाने वाले बुंदेली सिंगर ने भी इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर माफी मांगी है। सिंगर ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि वीडियो को अलग तरीके से प्रस्तुत किया गया है और उनका उद्देश्य किसी का मजाक उड़ाना नहीं था। सिंगर ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान लोगों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके गाने से किसी व्यक्ति या परिवार को किसी प्रकार की तकलीफ पहुंची है तो वे इसके लिए क्षमा चाहते हैं।

वायरल वीडियो के बाद उठ रहे सवाल

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। एक तरफ वीडियो में गाए गए गीत और कार्यक्रम के दौरान लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहीं गौरव पटेल और सिंगर दोनों ने इसे लेकर माफी और स्पष्टीकरण दिया है। वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा में है। हालांकि, वीडियो के पूरे संदर्भ और कार्यक्रम के दौरान कही गई अन्य बातों को सामने रखे बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।