पुणे: एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को आज पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। कमजोरी, खांसी और सीने में जकड़न की शिकायत के बाद वे पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह फोन कर उनकी सेहत का हालचाल जाना।

शरद पवार के करीबी मित्र और पारिवारिक मित्र विट्ठल मणियार ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान शरद पवार से कहा कि सुप्रिया सुले तैयार हो गई हैं और हम देश संभालने के लिए तैयार हैं। आप देश की चिंता न करें और अपनी सेहत का ख्याल रखें। इस पर शरद पवार ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि जब आप लोग हैं, तो मुझे देश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। आप अपना काम आगे जारी रखें।

पीएम मोदी ने फोन कर जाना हाल

विट्ठल मणियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पवार से फोन पर बातचीत कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। इस दौरान दोनों के बीच देश की जिम्मेदारी और शरद पवार की सेहत को लेकर बातचीत हुई।

सुप्रिया सुले ने ट्वीट कर दी थी जानकारी

इससे पहले सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर बताया था कि वे शरद पवार को आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभार भी जताया था।

शरद पवार की सेहत को लेकर क्या बोले विट्ठल मणियार?

शरद पवार के पारिवारिक मित्र विट्ठल मणियार ने बताया कि उनकी सेहत अच्छी है और कोई गंभीर समस्या नहीं है। दो दिन पहले उन्हें खांसी और थोड़ी जकड़न महसूस हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी जांच रिपोर्ट सामान्य आई हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।

मणियार ने बताया कि शरद पवार को कुछ इलाज के साथ आराम की जरूरत थी। वे पहले ही अस्पताल से जाने वाले थे, लेकिन परिवार और करीबियों के अनुरोध पर डॉक्टरों की देखरेख में एक दिन और रुके। इसके बाद वे आज सुबह मुंबई के लिए रवाना हो गए।

कमजोरी महसूस कर रहे हैं शरद पवार

मणियार के अनुसार, शरद पवार को फिलहाल थोड़ी कमजोरी महसूस हो रही है, जो खाने-पीने के बाद ठीक हो जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि शरद पवार जल्द ही पहले की तरह सार्वजनिक जीवन में सक्रिय नजर आएंगे।