नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। चक्रवाती तूफान कमजोर पड़ने के बाद उसका अवशेष डिप्रेशन के रूप में पूर्वी तेलंगाना और आसपास के तटीय आंध्र प्रदेश में सक्रिय है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत से लेकर पूर्वी और उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने 5 नवंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश समेत करीब 15 राज्यों के लिए मौसम अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 5 नवंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के साथ 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम में बदलाव के चलते सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी।
यूपी-बिहार में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, कानपुर, मुरादाबाद, मथुरा और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, बिहार के पटना, गया, बक्सर, भोजपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, पूर्णिया, अररिया और भागलपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। यहां 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
झारखंड, बंगाल और मध्यप्रदेश में भी बदलेगा मौसम
झारखंड में 5 और 6 नवंबर को बारिश होने की संभावना है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और देवघर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, मालदा, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मध्य भारत में भी मौसम बदलने के आसार हैं। राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मध्यप्रदेश के भोपाल, विदिशा, बैतूल और बालाघाट में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर में भी मौसम प्रभावित हो सकता है।
पंजाब और पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग की चेतावनी
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, गुरदासपुर और कपूरथला में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में फिसलन और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
चक्रवाती सिस्टम का सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार
ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने, तेज हवाओं के बीच सुरक्षित स्थानों पर रहने और आकाशीय बिजली से बचने की सलाह दी है।
