Damoh Crime News: दमोह। मंगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की गई है। मृतकों में एक महिला और उसके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कबीरपुर निवासी द्वारका पटेल पर अपनी पत्नी खेमा पटेल और तीन बच्चों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक बच्चों की उम्र करीब 1 से 7 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मंगरोन थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हुए हैं। एसपी और एडिशनल एसपी के भी घटनास्थल पर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। वहीं एसडीओपी भी मौके पर पहुंच रही हैं। आईजी और डीआईजी के भी घटनास्थल पर पहुंचने की बात कही जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या है और घटना किस परिस्थिति में हुई, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
