इंदौर। नीम करौली बाबा और भगवान हनुमान जी के स्वरूप पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों का जबर्दस्त प्रतिसाद मिल रहा है। सनातन संस्कृति और आस्था से जुड़ी इस फिल्म को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री करने की मांग उठी है। इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर फिल्म को प्रदेश में टैक्स फ्री करने का आग्रह किया है।

विधायक गोलू शुक्ला ने अपने पत्र में कहा कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ भगवान हनुमान जी के स्वरूप और सनातन संस्कृति के महत्व को खूबसूरती से प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि फिल्म को समाज के हर वर्ग, खासकर आम और गरीब परिवारों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए राज्य सरकार को फिल्म को तत्काल टैक्स फ्री करने पर विचार करना चाहिए।

बढ़े टिकट दामों पर विधायक ने जताई नाराजगी

फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता और लगातार हो रही पब्लिसिटी के बीच कई सिनेमाघरों में टिकट के दाम बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। इस पर विधायक गोलू शुक्ला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सनातन धर्म और आस्था से जुड़ी फिल्मों का लाभ हर नागरिक को मिलना चाहिए।

उन्होंने टिकट के बढ़े दामों को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़ी फिल्म को लेकर केवल व्यावसायिक लाभ कमाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। आम लोगों के लिए फिल्म देखना आसान और सुलभ होना चाहिए।

विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए होगा विशेष शो

विधायक गोलू शुक्ला ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 की जनता के लिए फिल्म का विशेष शो आयोजित करने की भी घोषणा की है। गुरुवार, 10 सितंबर को क्षेत्र की जनता के लिए ‘हनुमान अंश’ का विशेष शो आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को फिल्म देखने का अवसर उपलब्ध कराना है।

2 करोड़ के बजट से 150 करोड़ के क्लब तक पहुंची फिल्म

नीम करौली बाबा और कैंची धाम की आध्यात्मिक पृष्ठभूमि से जुड़ी ‘हनुमान अंश’ कम बजट में बनी फिल्म के तौर पर चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 150 करोड़ रुपये के क्लब में प्रवेश कर लिया है।

फिल्म की सफलता के साथ ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मध्य प्रदेश में फिल्म को टैक्स फ्री करने की विधायक गोलू शुक्ला की मांग पर अब सरकार के रुख का इंतजार है।