भोपाल। मध्यप्रदेश में निवेश और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग (AIM Congress-2026) के दौरान शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं एक्सपो सेंटर के चेयरमैन अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस से सौजन्य भेंट की। बैठक में मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अल ओवैस को अगले साल मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने शारजाह चैंबर के साथ रणनीतिक आर्थिक साझेदारी विकसित करने पर जोर देते हुए चेयरमैन से एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ मध्यप्रदेश आने का आग्रह किया।
‘मध्यप्रदेश-शारजाह बिजनेस फोरम’ का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों के बीच सेक्टर आधारित B2B बैठकों के आयोजन के लिए ‘मध्यप्रदेश-शारजाह बिजनेस फोरम’ शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इसका उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के उद्योगपतियों को सीधे संवाद और व्यापारिक सहयोग का मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने शारजाह चैंबर से मध्यप्रदेश के MSME और निर्यातकों को खाड़ी देशों के प्रमुख खरीदारों और वितरकों से जोड़ने में सहयोग की अपील की। साथ ही शारजाह की प्रमुख कंपनियों को मध्यप्रदेश के फूड पार्क, कोल्ड चेन, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, नवकरणीय ऊर्जा और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
निवेश के लिए MP की खूबियां गिनाईं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी रणनीतिक केंद्रीय भौगोलिक स्थिति, प्रतिस्पर्धी लागत, विशाल औद्योगिक लैंड बैंक, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और देश के बड़े बाजारों से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, त्वरित सिंगल-विंडो सिस्टम और उद्योग-अनुकूल माहौल के जरिए निवेशकों को हर संभव सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि शारजाह का व्यापक व्यापारिक नेटवर्क मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पादों के निर्यात, कौशल विकास, रोजगार सृजन और तकनीकी हस्तांतरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
भारत-UAE संबंधों से मिलेगा व्यापार को फायदा
बैठक में भारत और शारजाह के मजबूत आर्थिक संबंधों पर भी चर्चा हुई। शारजाह-भारत व्यापारिक रिश्तों को भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी और CEPA का समर्थन प्राप्त है। शारजाह चैंबर की ओर से भारत में मुंबई सहित विभिन्न स्थानों पर ट्रेड मिशन और बिजनेस फोरम भी आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें मैन्युफैक्चरिंग, टेक्सटाइल, ज्वेलरी, SME, टेक्नोलॉजी, एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, फूड इंडस्ट्री, टूरिज्म और रियल एस्टेट जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल रहे हैं।
1974 से अब तक शारजाह की विकास यात्रा देखी
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शारजाह की विकास यात्रा के बारे में भी जानकारी ली। अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एग्जीबिशन हॉल में लगी प्रदर्शनी के माध्यम से 1974 से अब तक शारजाह के क्रमिक विकास की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री की शारजाह चैंबर के चेयरमैन के साथ यह मुलाकात मध्यप्रदेश के उद्योग, निर्यात और निवेश के अवसरों को खाड़ी क्षेत्र के बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
