धार: मध्य प्रदेश के धार जिले के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक रहा। लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे जिले को आखिरकार पहली रेल सेवा की सौगात मिल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम से छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के तहत जोबट से टांडा रोड के बीच बने 28 किलोमीटर लंबे नए रेलखंड का लोकार्पण किया। इसके साथ ही धार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए रेल यात्रा का नया रास्ता खुल गया है।
टांडा रोड से शुरू हुई यात्री ट्रेन
धार जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित टांडा रोड स्टेशन अब रेल सेवा से जुड़ गया है। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद टांडा रोड से यात्री ट्रेन सेवा की शुरुआत की गई। यहां धार सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने मेमू यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन के संचालन शुरू होते ही स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
गुजरात जाने का सफर होगा आसान
नई रेल सेवा का सबसे बड़ा फायदा धार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुजरात आने-जाने में मिलने की उम्मीद है। रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र का गुजरात के साथ सीधा संपर्क मजबूत हुआ है। इससे लोगों को व्यापार, रोजगार, शिक्षा और इलाज सहित अन्य जरूरी कामों के लिए यात्रा करने में पहले के मुकाबले अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
टांडा रोड से छोटा उदयपुर तक जुड़ेगा क्षेत्र
नई यात्री ट्रेन टांडा रोड, जोबट, अलीराजपुर और छोटा उदयपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। इसके आगे वडोदरा तक पहुंचना भी आसान होगा। रेल सेवा शुरू होने से इन क्षेत्रों के बीच लोगों की आवाजाही बढ़ने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
विकास को मिलेगी रफ्तार
धार और आसपास के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बेहतर रेल संपर्क से व्यापार, पर्यटन, रोजगार और शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों के लिए यह सिर्फ नई ट्रेन की शुरुआत नहीं, बल्कि क्षेत्र को बड़े शहरों और गुजरात से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखी जा रही है।
