digvijay singh

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ‘आम जनमत पार्टी’ को मिले कथित करोड़ों रुपये के चुनावी चंदे को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर चुनाव आयोग, आयकर विभाग (IT) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से पार्टी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच कराने की मांग की है।

दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2023-24 में पार्टी को करीब 620 करोड़ रुपये का चंदा मिलने की बात सामने आई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी राशि हासिल करने वाली यह पार्टी अब कहां सक्रिय है और उसकी वास्तविक राजनीतिक गतिविधियां क्या हैं।

बैंक खातों की जांच की मांग

पूर्व मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग और वित्त मंत्रालय से सवाल किया कि क्या पार्टी के बैंक खातों और उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच ED और IT विभाग से कराई जाएगी। उन्होंने चंदे के स्रोत और पार्टी के वित्तीय नेटवर्क की पड़ताल किए जाने की मांग की है।

बिहार से गुजरात शिफ्ट होने का दावा

दिग्विजय सिंह के मुताबिक, ‘आम जनमत पार्टी’ पहले बिहार में पंजीकृत या सक्रिय थी, जबकि अब उसके गुजरात में सक्रिय होने की जानकारी सामने आ रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी का बैंक खाता अभी भी चालू है और उसमें लगातार चंदा स्वीकार किया जा रहा है।

दिग्विजय के सवाल के बाद सियासी चर्चा तेज

दिग्विजय सिंह के इन सवालों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने चुनावी चंदे में पारदर्शिता का मुद्दा उठाते हुए संबंधित संस्थाओं से पूरे मामले की जांच कर चंदे के स्रोत और पार्टी के वित्तीय लेनदेन की वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।