श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर पहुंचा इंडिगो का विमान पार्किंग के दौरान एक पोल से टकरा गया। हादसा एयरपोर्ट के बे नंबर 06 पर विमान को पार्क करने की प्रक्रिया के दौरान हुआ। राहत की बात यह है कि घटना में विमान में सवार किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) सुबह करीब 9 बजकर 2 मिनट पर पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकराई। उस समय विमान में यात्री और क्रू मेंबर मौजूद थे। घटना के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकाल लिया गया।
घटना की वजह की जांच जारी
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि विमान के पोल से टकराने की घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना के कारण को लेकर किसी तरह का निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
एयरपोर्ट का संचालन सामान्य
हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का सामान्य कामकाज प्रभावित नहीं हुआ है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार अन्य विमानों की आवाजाही निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक जारी है। यात्रियों और एयरपोर्ट से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।
क्या है VDGS पोल?
VDGS यानी Visual Docking Guidance System एयरपोर्ट पर विमान की पार्किंग में पायलटों की मदद करने वाली एक प्रणाली है। इसके जरिए विमान को निर्धारित पार्किंग स्थान पर सही स्थिति में लाने के लिए दृश्य संकेत दिए जाते हैं। इसी प्रणाली से जुड़े पोल से विमान के टकराने की घटना हुई है।
