नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का स्वागत किया, जिसमें तमिलनाडु की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के खंभे पर 28 नवंबर को पारंपरिक ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने का निर्देश दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कुछ घंटे बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘भगवान मुरुगन की जय’ लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि 28 नवंबर को ‘उचि पिल्लयार मंडपम’ की लौ का उपयोग करके पहाड़ी पर स्थित पत्थर के खंभे यानी ‘दीपत्थून’ पर पारंपरिक दीप जलाया जाए।
24 नवंबर को दीप जलाने को लेकर बढ़ा था विवाद
दरअसल, 24 नवंबर को ‘महा कार्तिगई दीपम’ उत्सव के दौरान सुप्रीम कोर्ट की ओर से पत्थर के खंभे पर दीप जलाने की अनुमति दिए जाने के बावजूद केवल पारंपरिक ‘उचि पिल्लयार मंडपम’ में ही दीप जलाया गया था। इससे पहले 20 नवंबर को कोर्ट ने खंभे पर दीप जलाने का आदेश दिया था।
मदुरै प्रशासन ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी थी और इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी थी। हालांकि, तमिलनाडु सरकार और मदुरै प्रशासन के खिलाफ अदालत की अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई।
पीठ ने कहा कि प्रशासन घड़ियाली आंसू बहा रहा है। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि अधिकारियों ने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया।
सभी श्रद्धालु पहाड़ी पर जाकर जला सकेंगे दीप
सुप्रीम कोर्ट ने अब शनिवार को ही दीप प्रज्वलन की परंपरा पूरी करने का निर्देश दिया है। पहले कोर्ट ने सीमित संख्या में लोगों की टीम को स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन अब कहा है कि हर श्रद्धालु पहाड़ी पर जा सकेगा और ‘दीपत्थून’ पर दीप जला सकेगा।
मंदिर की सुरक्षा CRPF के हवाले
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी मदुरै पुलिस से लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दी है। दीप प्रज्वलन की परंपरा भी CRPF की निगरानी में पूरी कराई जाएगी।
सुनवाई के दौरान मदुरै के जिला कलेक्टर ने मंदिर ट्रस्ट का हवाला देते हुए कहा था कि ‘दीपत्थून’ पर दीप जलाने की कोई परंपरा नहीं है और दीप मंडपम में जलाया जाता है। इसके बाद कोर्ट ने मंदिर बोर्ड को निलंबित करने और मंदिर की व्यवस्था संभालने के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस वैद्यनाथन और जस्टिस पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त करने का निर्देश दिया।
तमिलनाडु के मुख्य सचिव को 15 दिसंबर को पेश होने का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार के इशारे पर अदालत के आदेश के बावजूद दीप प्रज्वलन की परंपरा पूरी नहीं होने दी गई। इस मामले में अदालत की अवमानना के तहत हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव और आयुक्त, मदुरै के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक, मंदिर के सीईओ तथा मंदिर ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष और सदस्यों को नोटिस जारी किया गया है।
कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होकर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। उन्हें अधिकारियों, नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई फोन बातचीत और संदेशों का रिकॉर्ड भी अदालत के सामने पेश करना होगा।
पीठ ने स्पष्ट किया कि अदालत के आदेश की इस तरह अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जा सकती। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी साफ किया कि फिलहाल वह ‘दीपत्थून’ पर अधिकार को लेकर मंदिर और दरगाह के बीच चल रहे विवाद के गुण-दोष पर विचार नहीं करेगा। इस समय सुनवाई केवल अदालत की अवमानना के मामले तक सीमित रहेगी।
