Sonia Gandhi Legal Notice: नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विनायक दामोदर सावरकर के परपोते सात्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। आरोप है कि पुस्तक में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर के बारे में अपमानजनक और तथ्यात्मक रूप से गलत बातें लिखी गई हैं। सात्यकी सावरकर ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब नहीं दिया गया, तो वह अदालत में अवमानना याचिका दायर करेंगे।

15 दिनों में जवाब नहीं मिला तो अदालत जाएंगे

सात्यकी सावरकर के वकील संग्राम कोल्हटकर के मुताबिक, सोनिया गांधी को दिल्ली स्थित उनके आवास पर डाक और ईमेल के जरिए कानूनी नोटिस भेजा गया है। नोटिस में पुस्तक में सावरकर को लेकर लिखी गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताई गई है। सात्यकी सावरकर ने कहा है कि यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलता है, तो उनके खिलाफ अदालत में अवमानना याचिका दायर की जाएगी।

सोनिया गांधी की किताब में सावरकर को लेकर क्या लिखा है?

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, कानूनी नोटिस में सोनिया गांधी की पुस्तक के पेज नंबर 201 पर लिखी टिप्पणी का उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी ब्रिटिश शासकों के हाथों हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब विनायक दामोदर सावरकर जैसे आरएसएस के वरिष्ठ विचारक अपने औपनिवेशिक आकाओं को दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके संगठन के सदस्य मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रहे थे।

पेज नंबर 201 और 443 की टिप्पणियों पर आपत्ति

सात्यकी सावरकर की ओर से भेजे गए नोटिस में पुस्तक के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों पर आपत्ति जताई गई है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि इन टिप्पणियों में दी गई जानकारी तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक रूप से भ्रामक और तोड़-मरोड़कर पेश की गई है। इससे वीडी सावरकर की प्रतिष्ठा और उनकी विरासत को नुकसान पहुंचता है।

राहुल गांधी भी सावरकर पर टिप्पणी को लेकर घिर चुके हैं

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों के कारण विवादों में आ चुके हैं। अब सोनिया गांधी की पुस्तक में सावरकर को लेकर लिखी गई बातों पर उनके परपोते की ओर से कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद यह मामला चर्चा में है।