MP Ujjain News: उज्जैन: केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी रविवार को अपने परिजनों के साथ धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और संध्या आरती में शामिल हुए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने नंदी मंडपम में बैठकर भगवान महाकाल की आराधना की और परिवार के साथ सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि काफी समय से उनके मन में उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन करने की इच्छा थी। उन्होंने कहा कि वे खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि बाबा महाकाल ने उन्हें अपने दरबार में बुलाया और दर्शन का अवसर दिया।
बाबा महाकाल के दर्शन कर भावुक हुए केंद्रीय मंत्री
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करके वे बेहद भावुक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके लिए सौभाग्य का अवसर है। केंद्रीय मंत्री ने बाबा महाकाल के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
मध्यप्रदेश से जुड़ गया है नया संबंध
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश से अब उनका एक नया संबंध जुड़ गया है। इसी वजह से अब उनका प्रदेश में आना-जाना बना रहेगा। उन्होंने बताया कि उनके परिवार का उज्जैन से पुराना संबंध रहा है और परिवार के अन्य सदस्य भी पहले यहां आ चुके हैं।
26 नवंबर को फिर मध्यप्रदेश आएंगे हरदीप सिंह पुरी
हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि वे पिछली बार 30 नवंबर को मध्यप्रदेश आए थे और अब 26 नवंबर को फिर से प्रदेश आएंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से नया रिश्ता जुड़ने के बाद यहां उनका आना-जाना जारी रहेगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने परिवार के साथ बाबा महाकाल की संध्या आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया।
