MP Harda Accident News: हरदा: मध्यप्रदेश के हरदा जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बरखेड़ी बस स्टॉप के पास रात करीब 10 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल है, जो कक्षा पहली का छात्र था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
बरखेड़ी बस स्टॉप के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे बरखेड़ी बस स्टॉप के पास हुआ। यहां दो बाइक सवारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में दिलीप पिता विश्राम (40 वर्ष), निवासी बुराली और उनका 10 वर्षीय बेटा आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार देवेंद्र पिता अजब वर्मन (55 वर्ष), निवासी दुलिया की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले पिता ने तोड़ा दम
हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार अमरसिंह ने घायल पिता-पुत्र की मदद की। उनकी सहायता से दोनों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल दिलीप ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।
भोपाल रेफर मासूम की भी नहीं बच सकी जान
हादसे में घायल 10 वर्षीय आयुष की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर कर दिया था। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
हादसे से इलाके में शोक
एक ही सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों में पिता और उनके मासूम बेटे की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
