MP Gwalior News: ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मशहूर ब्रांड डेटॉल के साबुन से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साबुन से नहाते समय एक बच्चे के गाल पर कट लग गया। जब साबुन की जांच की गई तो उसके अंदर से तेज धार वाली ब्लेड निकली। इस मामले में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने डेटॉल की पैरेंट कंपनी को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।
वहीं, स्थानीय दुकानदार और डिस्ट्रीब्यूटर पर भी सेवा में कमी के लिए 2-2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। आयोग ने सभी संबंधित पक्षों को 45 दिनों के भीतर जुर्माने की राशि का भुगतान करने का आदेश दिया है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर 6 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला ग्वालियर निवासी उपभोक्ता अंगद सिंह तोमर से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने 21 मई 2025 को बहोड़ापुर क्षेत्र स्थित मोहित किराना स्टोर से डेटॉल ब्रांड का साबुन खरीदा था। साबुन घर लाने के बाद उसका इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान नहाते समय उनके बच्चे के गाल पर अचानक कट लग गया।
बच्चे को चोट लगने के बाद जब साबुन की जांच की गई तो उसके अंदर एक तेज धार वाली ब्लेड मिली। इस घटना से परिवार हैरान रह गया। उपभोक्ता का आरोप है कि शिकायत करने पर दूसरे साबुन के पैकेट में भी इसी तरह की गड़बड़ी और ब्लेड मिलने की आशंका सामने आई।
राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर की शिकायत
इस घटना के बाद अंगद सिंह तोमर ने 27 मई 2025 को राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, वहां से संतोषजनक समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग का दरवाजा खटखटाया और संबंधित कंपनी, दुकानदार तथा डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ परिवाद दायर किया।
डेटॉल की पैरेंट कंपनी पर 50 हजार का जुर्माना
मामले की सुनवाई के दौरान जिला उपभोक्ता आयोग ने प्रस्तुत साक्ष्यों और तथ्यों का परीक्षण किया। आयोग ने उत्पाद में ब्लेड जैसी खतरनाक वस्तु मिलने के मामले को गंभीर लापरवाही माना। इसके बाद डेटॉल की पैरेंट कंपनी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं, मामले में स्थानीय दुकानदार और डिस्ट्रीब्यूटर को भी सेवा में कमी के लिए जिम्मेदार मानते हुए दोनों पर 2-2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
45 दिन में करना होगा भुगतान, नहीं तो लगेगा ब्याज
उपभोक्ता आयोग ने सभी संबंधित पक्षों को 45 दिनों के भीतर जुर्माने की राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने की स्थिति में 6 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज भी चुकाना होगा।
उपभोक्ता की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल
इस मामले ने रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले उपभोक्ता उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। साबुन जैसी रोजमर्रा की वस्तु के अंदर ब्लेड जैसी खतरनाक चीज मिलने और उससे बच्चे के घायल होने की घटना गंभीर चिंता का विषय है। आयोग के आदेश से स्पष्ट है कि उपभोक्ता उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा में लापरवाही के मामलों में संबंधित पक्षों की जवाबदेही तय की जा सकती है।
