MP Panna News: पन्ना: बाल दिवस के अवसर पर जे.के. सीमेंट पन्ना ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनूठी पहल की है। कंपनी की ओर से लाला कमलापत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में दोपहिया वाहनों से स्कूल आने वाले 38 बच्चों को चाइल्ड हेलमेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके माध्यम से अभिभावकों को भी हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना है।
आमतौर पर दोपहिया वाहन चलाते समय कई अभिभावक खुद तो हेलमेट पहनते हैं, लेकिन उनके साथ बैठे बच्चे बिना हेलमेट के सफर करते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए जे.के. सीमेंट ने बाल दिवस पर चॉकलेट और खिलौनों के बजाय बच्चों को सुरक्षा का उपहार देने की पहल की। हेलमेट प्राप्त करने वाले बच्चे अब अपने माता-पिता को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करेंगे।
कंपनी के अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन जे.के. सीमेंट पन्ना के यूनिट हेड कपिल अग्रवाल, एचआर हेड अवनेश कुमार गौतम, माइंस हेड सुरेश बांद्रे और कमर्शियल हेड आलोक राज गौतम के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान सेफ्टी हेड दीपक दलाई और विद्यालय के प्राचार्य पी.आर. कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से हेलमेट पहनाए और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में जे.के. सीमेंट की पहल
जे.के. सीमेंट पन्ना की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बाल दिवस पर बच्चों को सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपने की यह पहल भी सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। साथ ही, बच्चों के माध्यम से अभिभावकों और समाज को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
