Dhirendra Shastri Controversial Statement: छतरपुर: बागेश्वर धाम सरकार द्वारा भगवान श्रीकृष्ण पर की गई कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद अब बढ़ता नजर आ रहा है। यादव महासभा द्वारा छतरपुर से बागेश्वर धाम तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद धाम समर्थकों और स्थानीय छात्र संघ ने भी मोर्चा खोल दिया है। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए जिले में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

धाम पहुंचे तो हजारों छात्र करेंगे विरोध: छात्र नेता

यादव महासभा के प्रदर्शन के ऐलान पर छतरपुर के छात्र नेता सत्येंद्र ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यादव महासभा के लोग सुबह 11 बजे तक बागेश्वर धाम पहुंचते हैं, तो वहां हजारों की संख्या में छात्र संघ के छात्र मौजूद मिलेंगे और उनके प्रदर्शन को विफल कर दिया जाएगा।

वहीं, बाबा बागेश्वर के समर्थन में छात्र संघ के साथ सैकड़ों धाम समर्थक भी मैदान में उतर आए हैं। समर्थकों का कहना है कि धाम परिसर में किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

पुलिस और प्रशासन अलर्ट, जगह-जगह बैरिकेडिंग

दोनों पक्षों के बीच संभावित टकराव को देखते हुए छतरपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। छतरपुर से बागेश्वर धाम तक के रास्ते में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा जगह-जगह बैरिकेड्स लगाकर निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की उपद्रवी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। फिलहाल, यादव महासभा के प्रदर्शन के ऐलान और धाम समर्थकों की चेतावनी के बाद प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।