खंडवा: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा निकाली। पुरानी अनाज मंडी के जलेबी चौक से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें मध्यप्रदेश शासन के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।

आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की बात कर रही: मंत्री लोधी

पदयात्रा के दौरान प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का चरित्र हमेशा से पाखंडवाद का रहा है। जिस कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाया था, वही आज लोकतंत्र की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की मतदाता सूची में बांग्लादेशी घुसपैठियों और पाकिस्तान के लोगों के नाम अवैध रूप से शामिल थे। अब जब सरकार ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई कर रही है, तो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को परेशानी हो रही है।

राहुल गांधी पर मंत्री लोधी का तंज

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि जिस तरह बैल को लाल कपड़ा दिखाने पर वह भड़क जाता है, उसी तरह राहुल गांधी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम सुनते ही भड़क जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को दिन-रात सिर्फ मोदी ही दिखाई देते हैं और वे रात में नींद से उठकर भी मोदी-मोदी चिल्लाते रहते हैं।

मंत्री लोधी ने धारा 370 का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय इसे हटाने को लेकर देश में खून की नदियां बहने जैसी बातें कही जाती थीं, लेकिन सरकार ने देशहित में कड़े कदम उठाकर इतिहास बदल दिया।

लोकतंत्र विरोधी षड्यंत्रों को रोकने निकाली पदयात्रा: सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल

खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र विरोधी और अराजकतावादी शक्तियों के षड्यंत्रों को बेनकाब करना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आम जनता में जागरूकता लाना है।

उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से खंडवा में यह पदयात्रा आयोजित की गई। पदयात्रा में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली इस यात्रा का समापन बस स्टैंड पर हुआ।