MP Panna News: पन्ना: सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जेके सीमेंट वर्क्स, पन्ना द्वारा जिला प्रशासन के निर्देशानुसार परिवहन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ट्रक और बस चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वाहन चालकों और परिवहन कर्मियों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।

शिविर का शुभारंभ जिला परिवहन अधिकारी सुनील कुमार शुक्ला की उपस्थिति में हुआ। जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तिवारी के सहयोग से नेत्र विशेषज्ञ डॉ. गर्वेश मोदी (M.S.) ने चालकों की आंखों की जांच की। तकनीकी जांच में संजय खरे ने सहयोग दिया। वहीं, परिवहन विभाग और तकनीकी टीम से अविनाश प्रजापति, जाफर अली और शिवम श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

जल्द बांटे जाएंगे निःशुल्क चश्मे और दवाइयां

शिविर में जिन चालकों की आंखों की रोशनी कमजोर पाई गई या जिन्हें दृष्टि संबंधी समस्या है, उन्हें जेके सीमेंट प्रबंधन की ओर से जल्द निःशुल्क चश्मे और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।

चालकों को आंखों की देखभाल के लिए दी सलाह

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वाहन चालकों को आंखों की उचित देखभाल, रात में वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों और खान-पान से जुड़ी जरूरी सलाह दी। पन्ना जिले के ट्रांसपोर्टर्स, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की।

सड़क सुरक्षा के लिए आगे भी चलेंगे अभियान

जेके सीमेंट प्रबंधन ने कहा कि कंपनी के लिए चालक महत्वपूर्ण हैं। एक स्वस्थ और सतर्क चालक सुरक्षित सफर की गारंटी है। धुंधली नजरें कई बार सड़क हादसों की वजह बन सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया है। प्रबंधन ने आगे भी इस तरह के सामाजिक और सड़क सुरक्षा से जुड़े अभियान जारी रखने की बात कही।