नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं, लेकिन कुछ राज्यों में अब भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को केरल, कर्नाटक, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिणी राज्यों के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक केरल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में 8 अक्टूबर तक बारिश के आसार

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 से 8 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 3 अक्टूबर को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

बारिश के साथ कई इलाकों में तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा की अधिकतम गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के साथ गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश के आसार हैं।

दिल्ली-NCR में मौसम रहेगा काफी हद तक शुष्क

शनिवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है। राजधानी में मौसम के काफी हद तक शुष्क रहने का अनुमान है। एनसीआर के इलाकों में भी फिलहाल इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।

शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड पर अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं आया नगर में तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही।

6 से 8 अक्टूबर के बीच इन राज्यों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 अक्टूबर के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान तथा मुजफ्फराबाद में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।