तिरुपति: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में शनिवार को एक प्राइवेट फार्मास्युटिकल कंपनी में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। सत्यवेदु मंडल के श्री सिटी स्थित TIL हेल्थकेयर फार्मास्युटिकल कंपनी में हुए इस हादसे में 5 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बचाव और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के मुताबिक कंपनी परिसर में बॉयलर फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ। हादसे में वहां काम कर रहे कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मंत्री नारा लोकेश ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के शिक्षा एवं IT मंत्री नारा लोकेश ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार मृतकों के परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

तिरुपति सांसद ने की जांच की मांग

तिरुपति के सांसद डॉ. मड्डिला गुरुमूर्ति ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की अपील की।

सांसद ने हादसे के कारणों की गहन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन हो।

सुरक्षा मानकों की जांच पर जोर

सांसद डॉ. गुरुमूर्ति ने प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है। हादसे के बाद अब कंपनी में सुरक्षा इंतजामों और बॉयलर संचालन से जुड़े मानकों की जांच पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। घटना की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।