Amit Shah Visit Bhopal: भोपाल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के दौरे पर आएंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर भोपाल प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम ने तैयारियों में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

भेल दशहरा मैदान में सम्मेलन को संबोधित करेंगे अमित शाह

केंद्रीय मंत्री अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में पशुपालकों और दुग्ध उत्पादन से जुड़ी सहकारी समितियों के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम सहित अन्य क्षेत्रों से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य शामिल होंगे।

डेयरी और दुग्ध प्रसंस्करण परियोजनाओं की मिलेगी सौगात

कार्यक्रम के दौरान दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच लैब सहित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी और सौगात दी जाएगी। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला डेयरी प्लांट और भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट मिल्क प्लांट शामिल है। इसके अलावा भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमिपूजन भी किया जाएगा।

कृषक कल्याण वर्ष और बलराम कृषि महोत्सव की दी जाएगी जानकारी

अमित शाह को प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष के तहत आयोजित गतिविधियों और बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में गृह विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सहकारिता विभाग, लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग के कार्यों का प्रेजेंटेशन भी होगा।

पशुपालकों को बोनस, गोपालक दीदियों का होगा सम्मान

कार्यक्रम में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों के पशुपालकों को बोनस वितरण किया जाएगा। साथ ही गौशालाओं के लिए सहायता राशि प्रदान की जाएगी। गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।