छतरपुर: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना बमीठा पुलिस ने ग्राम चंदनगर और शिवराजपुर के रिहायशी इलाकों में छापेमारी कर करीब 3 लाख रुपये कीमत के छोटे-बड़े पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में पटाखों का अवैध उत्पादन, भंडारण और विक्रय प्रतिबंधित है। इसी के तहत छतरपुर पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों का संग्रहण और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी दौरान थाना बमीठा पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनगर और शिवराजपुर के रिहायशी इलाकों में बिक्री के लिए अवैध रूप से पटाखे जमा किए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने दोनों स्थानों पर अलग-अलग दबिश दी।

चंदनगर में आफताब के मकान से पटाखे बरामद

पुलिस ने ग्राम चंदनगर के मस्जिद मोहल्ला स्थित एक मकान में छापा मारकर विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने आफताब मोहम्मद पिता अब्दुल रहीम, निवासी मस्जिद मोहल्ला चंदनगर के विरुद्ध कार्रवाई की है।

शिवराजपुर में राजेंद्र गुप्ता के ठिकाने पर छापा

वहीं, दूसरी कार्रवाई ग्राम शिवराजपुर के भियाताल रोड स्थित एक मकान में की गई। यहां से पुलिस ने विभिन्न प्रकार के छोटे-बड़े पटाखे बरामद किए। इस मामले में आरोपी राजेंद्र गुप्ता पिता नारायण दास गुप्ता, निवासी भियाताल रोड शिवराजपुर के खिलाफ कार्रवाई की गई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज

पुलिस ने दोनों ठिकानों से करीब 3 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही उन्हें न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया है।