इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले की तुकोगंज थाने की पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुये बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

लिंक के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को तुकोगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में थाना प्रभारी जितेंद्र चौहान ने बताया कि.. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईडीए बिल्डिंग के पास दो व्यक्ति ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुये दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

ग्वालियर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करने पर दोनों ने अपनी पहचान मयंक और अनमोल, ग्वालियर निवासी के रूप में बताई। दोनों आरोपी क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन एप्लीकेशन के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन एवं अन्य सामान भी जब्त किया है। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच करने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित लिंक एवं अन्य गतिविधियां पाई गईं।

वेबसाइट के जरिए चला रहे थे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 1×247.net/cricket और lexchallid.com वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, मौके से बरामद दोनों मोबाइल फोन की जांच करते हुए पुलिस पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।