Mohan Yadav

भोपाल: मध्यप्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों के लिए 1 सितंबर का दिन खास रहा। राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए आर्थिक सहायता राशि जारी की। मुख्यमंत्री ने 1.21 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 304 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की। प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये की राशि पहुंचाई गई।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों के साथ रिमोट का बटन दबाकर राशि ट्रांसफर की। मंच पर उन्होंने 10 विद्यार्थियों को लैपटॉप भी प्रदान किए। इस दौरान कुछ विद्यार्थियों की उपलब्धियां सुनकर मुख्यमंत्री खुद भी प्रभावित नजर आए और उन्होंने बच्चों के लिए तालियां बजवाईं।

12वीं के साथ NEET और JEE Main भी किया क्लियर

मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान कई विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धियां और भविष्य के लक्ष्य साझा किए। छात्रा तन्वी ने बताया कि उसने 12वीं की पढ़ाई के साथ ही NEET भी पहली बार में क्लियर कर लिया है और वह डॉक्टर बनना चाहती है। वहीं छात्र ओम चौकसे ने बताया कि उसने 12वीं के साथ NEET और JEE Main समेत अन्य परीक्षाएं भी पास की हैं। उसकी उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदमी छोटा लेकिन छलांग बड़ी है।’

छात्र वीरेंद्र सिंह बुंदेला ने मुख्यमंत्री के सामने राजनेता बनने की इच्छा जताई। उसने कहा कि लोगों की परेशानियों को देखकर उसने राजनीति में आने का फैसला किया, ताकि देश के विकास में योगदान दे सके। वहीं छात्रा हिमांशी पाठक ने बताया कि वह एयर होस्टेस के रूप में शुरुआत करना चाहती है, लेकिन उसका अंतिम लक्ष्य एंटरप्रेन्योर बनना है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे सरल भाषा में कहा जा सकता है कि हम नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे।

किसान बनने वाले बच्चों पर CM ने जताई चिंता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों से पूछा कि उनके घरों में कितने लोग खेती-किसानी करते हैं और कितने बच्चे किसान बनना चाहते हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी जड़ खेती-किसानी है। बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और वकील बनने की बात करते हैं, लेकिन किसान बनने की इच्छा कम ही जताते हैं। उन्होंने कहा कि खेती के बिना देश का काम नहीं चल सकता और किसान अन्न नहीं उगाएगा तो सभी प्रभावित होंगे।

‘असफलता को दिल पर न लें’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों को सफलता और असफलता को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी मेहनत से सफलता हासिल कर परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं, लेकिन सफलता को कभी खुद पर हावी नहीं होने देना चाहिए। जीवन में असफलता मिले तो उसे दिल पर नहीं लेना चाहिए और पिछली गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छा इंसान केवल कागज पर मिले नंबरों से नहीं बनता, बल्कि उसके व्यक्तित्व और सोच से बनता है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को ज्ञान और कौशल को सफलता के दो महत्वपूर्ण साथी बताते हुए बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने की सलाह दी।

अब तक 6.50 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिली मदद

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत पहले वर्ष 473 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए गए थे। पिछले वर्ष करीब 92 हजार विद्यार्थी योजना से लाभान्वित हुए, जबकि इस वर्ष स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के करीब 1.22 लाख विद्यार्थी इसके दायरे में आए हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि सरकार अब तक करीब 6.50 लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 1,620 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में भेज चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल में करीब पौने तीन लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए राशि वितरित की गई है।

सरकारी स्कूलों में ड्रॉपआउट शून्य होने का दावा

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में सरकारी स्कूलों में प्रवेश दर लगातार बढ़ी है और ड्रॉपआउट दर शून्य हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में करीब 70 से 72 हजार अतिथि शिक्षक कार्यरत हैं और लगभग 18 हजार रिक्त शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें, ड्रेस, साइकिल, लैपटॉप और स्कूटी जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही 2047 में विकसित भारत का नेतृत्व करेंगे।