Accident

MP Sagar Accident News: सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। नीम वाली घाटी के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। ट्रॉली में करीब 30 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ट्रॉली के नीचे दबे कई लोग

हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली पलटने के बाद कई लोग उसके नीचे दब गए, जबकि कुछ लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बरमान में नर्मदा स्नान कर लौट रहे थे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक, बांदरी के पास स्थित ग्राम गढ़ोला गोसाई के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से बरमान में नर्मदा स्नान करने गए थे। रविवार को सभी लोग स्नान के बाद वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गौरझामर थाना क्षेत्र में नीम वाली घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में तीन लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल

इस दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ट्रॉली में करीब 30 ग्रामीण सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।