MP Weather Update: भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर तेज है और अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 से 4 सितंबर तक पूर्वी मध्यप्रदेश में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 5 सितंबर को भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
आज कटनी, विदिशा, सिवनी, दमोह, नर्मदापुरम, खरगोन, मंडला, खंडवा, बैतूल, नरसिंहपुर, इंदौर, सागर, छिंदवाड़ा और सीधी में भारी बारिश के साथ आंधी-गरज चमक की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में करीब 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। जबलपुर के लिए IMD ने 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश तथा 4 सितंबर को मध्यम बारिश का पूर्वानुमान दिया है।
सतना-चित्रकूट में बिगड़े हालात
सतना और चित्रकूट में बारिश का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। रामघाट क्षेत्र में कई दुकानें और होटल पानी में डूबने की खबर है। स्थिति को देखते हुए सतना जिले में 2 और 3 सितंबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया गया है।
भोपाल और ग्वालियर का हाल
राजधानी भोपाल में आज बादल छाए रहने और बारिश-गरज चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं ग्वालियर में IMD के अनुसार 2 और 3 सितंबर को सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। 5 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले 3-4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक मध्यप्रदेश में बारिश का असर अभी कम होने वाला नहीं है। पूर्वी MP में 4 सितंबर तक बहुत भारी बारिश का दौर, जबकि पश्चिमी हिस्से में भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है। 5 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
