भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार के 507 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होकर 23 सितंबर 2026 तक चलेगी। भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

507 पदों पर होगी भर्ती

भर्ती में सबसे ज्यादा 312 पद उप निरीक्षक (जिला पुलिस बल) के हैं। इसके अलावा 81 पद सूबेदार और 69 पद उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) के लिए निर्धारित किए गए हैं। शेष पद आर्म्स, फोटो, फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी शाखाओं के लिए रखे गए हैं। अभ्यर्थी अपने ऑनलाइन आवेदन में 28 सितंबर 2026 तक संशोधन कर सकेंगे।

36,200 से 1,14,800 रुपए तक वेतन

सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर दोनों कैडर के पदों के लिए लेवल-9 वेतनमान निर्धारित किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को 36,200 रुपए से 1,14,800 रुपए तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा शासन के नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

आवेदन शुल्क 250 से 500 रुपए

अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं मध्यप्रदेश के निवासी OBC, SC, ST और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपए शुल्क देना होगा। कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर 60 रुपए अतिरिक्त और MP ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने पर 20 रुपए का पोर्टल शुल्क लगेगा। विभागीय उम्मीदवारों के लिए अलग शुल्क निर्धारित किया गया है।

विशेष सशस्त्र बल SI के लिए केवल पुरुष पात्र

भर्ती नियमों के मुताबिक उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) पद के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे। जबकि अन्य पदों पर महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित आरक्षण का प्रावधान लागू रहेगा।

आवेदन से पहले पात्रता जरूर जांचें

अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण श्रेणी, मूल निवास और जरूरी दस्तावेजों की पात्रता जांचने की सलाह दी गई है। दस्तावेज सत्यापन के दौरान निर्धारित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। गलत जानकारी देने या पात्रता संबंधी शर्तें पूरी नहीं करने पर किसी भी चरण में उम्मीदवारी निरस्त की जा सकती है।