भोपाल: दीपावली, होली और अन्य त्योहारों के दौरान हवाई किरायों में होने वाली बेतहाशा वृद्धि को लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), मध्य प्रदेश ने चिंता जताई है। संगठन ने एयरलाइंस कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने और हवाई टिकटों के लिए अधिकतम किराया सीमा (Fare Capping) निर्धारित करने की मांग की है। इस संबंध में CAIT ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

CAIT के भोपाल जिलाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश स्टेट मीडिया इंचार्ज धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि त्योहारों और छुट्टियों के दौरान एयरलाइंस कंपनियां सामान्य दिनों की तुलना में टिकटों के दाम 5 से 7 गुना और कई मामलों में 8 से 10 गुना तक बढ़ा देती हैं। अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोलकाता सहित देश के प्रमुख शहरों से मध्यप्रदेश आने-जाने वाली उड़ानों में किरायों की असामान्य वृद्धि यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

रेलवे में टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों की बढ़ती परेशानी

धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि दीपावली, होली, रक्षाबंधन और छठ पूजा जैसे त्योहारों पर हर व्यक्ति अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहता है। लेकिन रेलवे में टिकट उपलब्ध नहीं होने या वेटिंग टिकट कन्फर्म नहीं होने पर यात्रियों को हवाई यात्रा का विकल्प चुनना पड़ता है। ऐसे समय में एयरलाइंस कंपनियां यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाने किराये वसूलती हैं।

एयरलाइंस कंपनियों के लिए अधिकतम किराया सीमा तय करने की मांग

CAIT ने मांग की है कि त्योहारों और पीक ट्रैवल सीजन के दौरान हवाई किरायों में होने वाली असामान्य वृद्धि पर नियंत्रण के लिए अधिकतम किराया सीमा निर्धारित की जाए। इसके साथ ही सामान्य किरायों की तुलना में होने वाली बढ़ोतरी की निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाली एयरलाइंस कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान किया जाए।

मध्यप्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर

संगठन ने मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख महानगरों से जोड़ने वाली हवाई सेवाओं का विस्तार करने और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त उड़ानों का संचालन सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है। धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि हवाई यात्रा को एयरलाइंस कंपनियों की मनमानी और मुनाफाखोरी का माध्यम नहीं बनने दिया जा सकता। त्योहारों पर अपने घर और परिवार तक पहुंचना किसी भी नागरिक के लिए आर्थिक रूप से असंभव नहीं होना चाहिए।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को भेजा पत्र

CAIT की ओर से केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को विस्तृत पत्र भेजकर हवाई किरायों पर प्रभावी नियंत्रण, Fare Capping व्यवस्था लागू करने और एयरलाइंस कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की गई है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार इस जनहित के मुद्दे पर जल्द निर्णय लेकर हवाई यात्रियों को राहत प्रदान करेगी।