भोपाल: मध्यप्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा उपार्जन के लिए कुल 8 लाख 76 हजार 7 किसानों ने पंजीयन कराया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने यह जानकारी दी। किसानों के पंजीयन के लिए प्रदेशभर में 1100 से अधिक केंद्र बनाए गए थे। इस बार पंजीयन की प्रक्रिया किसानों की एग्री स्टेक आईडी के माध्यम से पूरी की गई।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार, समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए धान की फसल के लिए सबसे अधिक 8 लाख 68 हजार 214 किसानों ने पंजीयन कराया है। वहीं, ज्वार के लिए 2 हजार 39 और बाजरा के लिए 7 हजार 694 किसानों ने पंजीयन कराया है।

जबलपुर और रीवा संभाग में सबसे ज्यादा पंजीयन

संभागवार आंकड़ों के अनुसार, जबलपुर संभाग में सबसे अधिक 4 लाख 7 हजार 926 किसानों ने पंजीयन कराया है। रीवा संभाग में 2 लाख 53 हजार 979, शहडोल संभाग में 73 हजार 944 और सागर संभाग में 66 हजार 142 किसानों ने पंजीयन कराया है।

अन्य संभागों में पंजीयन की स्थिति

नर्मदापुरम संभाग में 35 हजार 394 और भोपाल संभाग में 27 हजार 920 किसानों ने पंजीयन कराया है। ग्वालियर संभाग में 1,599, चंबल संभाग में 821, उज्जैन संभाग में 779 और इंदौर संभाग में 46 किसानों का पंजीयन हुआ है।

एग्री स्टेक आईडी से कराया गया पंजीयन

इस वर्ष किसानों का पंजीयन एग्री स्टेक आईडी के माध्यम से कराया गया। इस आईडी में किसानों के सभी खसरों से संबंधित जानकारी दर्ज रहती है। समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा उपार्जन के लिए पंजीयन प्रक्रिया में इस व्यवस्था का उपयोग किया गया।