नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की बहुचर्चित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ आज बाजार में उपलब्ध होने जा रही है। 544 पन्नों की इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, परिवार, प्रेम और भारत में बिताए करीब छह दशकों के अनुभवों को साझा किया है। किताब के लिए किसी औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया गया है। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट किया है कि यह कोई राजनीतिक किताब नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी और निजी अनुभवों का लेखा-जोखा है।

इस आत्मकथा में इटली से भारत आने, गांधी परिवार का हिस्सा बनने, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ रिश्तों और परिवार में हुई बड़ी त्रासदियों का भी जिक्र है। इसके अलावा साल 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके राजनीतिक संबंधों को लेकर भी सोनिया गांधी ने अपनी बात रखी है।

किताब में किन बातों का किया गया है जिक्र?

दशकों तक भारतीय राजनीति के केंद्र में रहने के बावजूद सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा सार्वजनिक चर्चा से दूर रखा। अब अपनी आत्मकथा के जरिए उन्होंने जीवन के कई अनछुए पहलुओं को सामने रखा है। किताब में उन्होंने इटली से दिल्ली तक के सफर, गांधी परिवार में शामिल होने और इंदिरा गांधी के साथ अपने रिश्तों से जुड़े अनुभव साझा किए हैं।

किताब के विमोचन से पहले सोनिया गांधी सोशल मीडिया पर भी सक्रिय नजर आ रही हैं। अपनी जिंदगी से जुड़े अनुभव साझा करने वाले उनके कई वीडियो चर्चा में हैं। इसी बीच गांधी परिवार का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें डाइनिंग टेबल पर इंदिरा गांधी, मेनका गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नजर आ रहे हैं। वीडियो में राहुल गांधी अपनी दादी इंदिरा गांधी से सवाल करते दिखाई देते हैं।

पीएम मोदी के साथ अपने रिश्तों पर क्या लिखा?

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने राजनीतिक रिश्तों पर भी बात की है। उन्होंने लिखा है कि वह और नरेंद्र मोदी एक दशक से ज्यादा समय तक राजनीतिक विरोधी रहे हैं, लेकिन दोनों के बीच कभी सीधा संपर्क नहीं रहा। उनकी मुलाकातें अधिकतर औपचारिक मौकों पर ही होती हैं। इस दौरान औपचारिक नमस्ते के अलावा कोई खास बातचीत नहीं होती।

सोनिया गांधी के मुताबिक, दोनों की विचारधाराएं और दुनिया को देखने का नजरिया अलग-अलग है। प्रधानमंत्री मोदी भारत के अपने विजन के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि वह अपने विजन के लिए लड़ रही हैं।

सत्ताधारी वर्ग को लेकर मोदी की सोच पर सहमति

किताब में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की उस सोच का भी जिक्र किया है, जिसमें वह देश के बड़े सत्ताधारी और रसूखदार वर्ग को लेकर असहजता महसूस करते हैं। सोनिया गांधी ने लिखा है कि इस असहजता को वह खुद भी अच्छी तरह समझ सकती हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सफर का जिक्र करते हुए लिखा है कि एक साधारण और पिछड़े परिवार से निकलकर आरएसएस में कड़ी मेहनत के दम पर सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा।

बाबरी विध्वंस पर बयान से विवाद

सोनिया गांधी की आत्मकथा रिलीज होने से पहले ही उनके एक बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया है। दरअसल, हाल ही में एक ब्रिटिश अखबार को दिए इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने कहा था कि बाबरी ढांचे को गिरते देखकर वह रो पड़ी थीं।

उनके इस बयान पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राईन ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी को 32 साल बाद बाबरी मस्जिद के विध्वंस की याद क्यों आई? उन्होंने कहा कि इतने सालों तक सोनिया गांधी कहां थीं? इस बयान के बाद सोनिया गांधी की आत्मकथा और उसमें किए गए खुलासे चर्चा में आ गए हैं।