आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण अपनी पत्नी अन्ना कोनिडाला से अलग हो रहे हैं। दोनों ने आपसी समझ और सम्मान के साथ तलाक लेने का फैसला किया है। पवन कल्याण के कार्यालय की ओर से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई है। बयान के मुताबिक, शादी खत्म होने के बाद भी दोनों अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी मिलकर निभाएंगे।

तीसरी बार टूटा पवन कल्याण का वैवाहिक रिश्ता

बता दें कि पवन कल्याण की यह तीसरी शादी थी। उन्होंने पहली शादी साल 1997 में नंदिनी से की थी, लेकिन जल्द ही दोनों अलग हो गए। इसके बाद साल 2009 में उन्होंने अभिनेत्री और मॉडल रेणु देसाई से शादी की। यह रिश्ता भी साल 2012 में खत्म हो गया। पवन कल्याण और रेणु देसाई के दो बच्चे हैं, जिनके नाम अकीरा नंदन और आध्या हैं।

इसके बाद साल 2013 में पवन कल्याण ने रूस की रहने वाली अन्ना कोनिडाला से तीसरी शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनके नाम पोलिना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच हैं।

‘हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे’

पवन कल्याण के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साथ बिताने के बाद दोनों ने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। हालांकि, शादी खत्म होने के बावजूद वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे। बयान में यह भी कहा गया है कि दोनों अपने बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। बच्चों की खुशी और उनका कल्याण दोनों की साझा प्राथमिकता रहेगी।

निजता का सम्मान करने की अपील

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडाला ने अपने इस निजी फैसले की जानकारी देते हुए लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जीवन में आए इस बदलाव के दौरान वे लोगों से समझदारी और संवेदनशीलता की उम्मीद रखते हैं। इसके साथ ही दोनों ने उन सभी लोगों का आभार जताया है, जिन्होंने इस सफर में उनका साथ दिया।