Accident

UP Sitapur Accident: सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में धनतेरस के दिन एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पिसावा थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक बच्ची और चार महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, बरगांवा गांव निवासी हरिनाम के बेटे का मुंडन संस्कार हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र स्थित रायपुर गांव के एक धार्मिक स्थल पर संपन्न हुआ था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार और रिश्तेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के समीप हिम्मतनगर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।

ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने से पांच की मौत

ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में काजल (10), सुशीला (50), रूबी (22), सुनीता (40) और एक अज्ञात महिला शामिल हैं। अज्ञात महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

करीब 17 लोग गंभीर रूप से घायल

इस भीषण हादसे में करीब 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने ग्रामीणों के साथ चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को पहले स्वास्थ्य केंद्र पिसावा और फिर महोली स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। धनतेरस के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।