Muzaffarnagar Accident News: मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या चार हो गई।
आमने-सामने से आ रहे डंपर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार रात करीब 10:15 बजे हुआ। लक्सर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो कार क्रमांक UK 16 G 0005 को सामने से आ रहे डंपर क्रमांक UK 17 CA 8485 ने साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के शुरुआती दौर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस और राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
स्कॉर्पियो में सवार थे सात लोग
हादसे के समय स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। इनमें करीब 50 वर्षीय चालक आदेश कुमार और करीब 35 वर्षीय निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं राखी (48), गोनी (11), कुसुम (70), रूबी (48) और वैष्णवी (7) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान निशा और गोनी की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई, जबकि तीन घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
हाइड्रा की मदद से निकाले गए फंसे लोग
भीषण टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। वाहन में लोग फंस गए थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हाइड्रा की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे और क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राहत और बचाव अभियान की जानकारी ली तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है।
परिवारों को दी गई हादसे की सूचना
पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है।
