प्रमुख समाचारमध्‍यप्रदेश

ग्वालियर में महिला के गुपचुप अंतिम संस्कार की कोशिश से हड़कंप, युवक हिरासत में, मौत पर उठे सवाल

Gwalior Latest News: ग्वालियर। कंपू थाना क्षेत्र स्थित गुढ़ा-गुढ़ी का नाका मुक्तिधाम पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक बिना किसी रिश्तेदार या शोक माहौल के अकेले ही महिला के शव का अंतिम संस्कार करने पहुंच गया। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर श्मशान घाट कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

चिता के पास ही पुलिस ने रोका अंतिम संस्कार

सूचना मिलते ही कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब युवक महिला को मुखाग्नि देने ही वाला था। पुलिस ने तुरंत उसे रोककर शव को अपने कब्जे में लिया और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

मृतका मीनू, पति और बच्चों को छोड़कर गई थी साथ

पुलिस जांच में सामने आया कि मृत महिला का नाम मीनू है, जो मूल रूप से भिंड की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2013 में रामानंद चौहान से हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं।

वर्ष 2024 में मीनू की मुलाकात भिंड के ही मेल नर्स योगेश राठौर से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बाद में महिला अपने पति और बच्चों को छोड़कर योगेश के साथ दिल्ली चली गई, जहां दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

बीमारी से मौत का दावा, दस्तावेज नहीं मिले

पूछताछ में योगेश राठौर ने पुलिस को बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से मीनू की तबीयत खराब थी और उसने घर पर ही उसका इलाज किया, क्योंकि उसे नर्सिंग का अनुभव था। उसने दावा किया कि बीमारी के कारण महिला की मौत हो गई।

हालांकि पुलिस द्वारा जब इलाज से संबंधित दस्तावेज, डॉक्टर की पर्ची और दवाइयों के बिल मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

गुपचुप अंतिम संस्कार पर उठे सवाल

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि महिला की मौत सामान्य थी, तो शव को दिल्ली या भिंड ले जाने के बजाय ग्वालियर के श्मशान घाट में गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार करने की कोशिश क्यों की गई।

इस संदिग्ध स्थिति के चलते पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिजन पहुंचे ग्वालियर, शव भिंड रवाना

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के पिता और पति भी ग्वालियर पहुंच गए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे वे भिंड लेकर रवाना हो गए।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे महिला की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button