दमोह। शहर में बढ़ती अव्यवस्थाओं से परेशान व्यापारियों का सब्र आखिरकार टूट गया। बाजार में गंदगी, जलभराव और बदबू से हाल बेहाल है। कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज होकर गुरुवार को दमोह व्यापारी महासंघ ने सड़क पर उतरकर शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

व्यापारी महासंघ के सदस्यों ने शहर के घंटाघर चौराहे पर एकत्रित होकर नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ का पुतला दहन किया। इसके बाद व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर तहसीलदार रॉबिन जैन को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि 15 सितंबर तक मांगें पूरी नहीं की गईं तो बाजार बंद कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधान

व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से जलभराव, नालियों की सफाई न होने और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। इससे न केवल कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, बल्कि बाजार आने वाले आम नागरिकों को भी भारी परेशानी हो रही है। इस संबंध में कई बार नगर पालिका को लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ।

व्यापारियों की 11 सूत्रीय मुख्य मांगें

व्यापारियों ने ज्ञापन में 11 मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए।

  • राजा होटल से उमा साईकिल भाट तक, भाउ चाय वाले से नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान तक, कैलाश भंडार से नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान तक के पीछे बाली नाली की सफाई एवं अतिक्रमण अलग किया जाएं।
  • नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान के नीचे स्थाई तौर पर नाला बंद है उसे तत्काल खोला जाए।
  • गोल मार्केट में शनिदेव मंदिर के सामने एवं संपूर्ण गोल मार्केट में जल भराव की स्थिति होने पर सभी व्यापारियों का व्यापार प्रभावित होता है और कई बार दुघर्टना होती है। जिसके लिए नाली निर्माण कर पानी निकासी की व्यवस्था की जाएं।
  • टाऊन हॉल के पीछे जो नगर पालिका द्वारा संपूर्ण मार्केट का कचरा डंपीग पाईंट बनाया गया है जिस कारण कचरा डालने से बदबू और गंदगी से कई प्रकार की बीमारियां पनप रही है। जिससे हम व्यापारीयो को एवं मार्केट आने वाले आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डपिंग पॉइंट स्थाई तौर पर बंद किया जाए।
  • गोल मार्केट में टाऊन हॉल के सामने पुरूष एवं महिला प्रसाधन बना है उसे व्यवस्थित किया जाए आसकी नियमित सफाई व्यवस्था एवं संचालन सुव्यवस्थित हाथों मे सोपी जाये। एवं प्रसाधन निकासी की स्थाई व्यवस्था हेतु फारूख मेडीकल वाले नाले से जोड़ा जाये। जिससे स्थाई व्यवस्था हो जाएगी।
  • कैलाश भंडार के पीछे पुरूष प्रसाधन को व्यवस्थित किया जाए एवं नियमित सफाई करे।
  • टाऊन हॉल के सामने वाले क्षतिग्रत गेट को तोड़कर नये गेट का निर्माण कराया जाये नही तो किसी भी दिन जनहानि या गंभीर हादसा हो सकता है।
  • टाऊन हॉल प्रवेश गेट, कैलाश भंडार के बाजू का प्रवेश गेट, बाराद्वारी कुआ मार्ग, एवरेस्ट लाज के नीचे बूंदाबहू काम्पलेक्स में मुख्य प्रवेश द्वारा पर लग रहे हाथ ठेलो, अतिक्रमित दुकानों को तत्काल हटाकर सुगम यातायात व्यवस्था की जाए।
  • घंटाघर के चारो ओर अतिक्रमण को तत्काल हटाया जायें बड़े-बड़े गड्डों को स्थाई रूप से भरा जाए।
  • मीट मार्केट में लग रही दुकानों के दुकानदारों द्वारा मछली, मुर्गा, बकरा के बचे हुये अवशिष्टों को एक स्थान पर एकत्रित कर व्यवस्थित रूप से नगर पालिका द्वारा उठवाया जाए।
  • वर्षभर के मनाये जाने वाले सभी महत्वपूर्ण एवं बड़े त्यौहारों पर सभी छोटे फुटपाती दुकानदारों हाथ ठेला दुकानदारों को त्यौहारों के 15 दिवस पूर्व नगर पालिका द्वारा चिन्हित स्थान पर बाजार बनाकर उन्हें रोजी रोटी करने दी जाए।