इंदौर। शहर के राजेंद्र नगर ब्रिज पर ट्रैफिक के बीच जन्मदिन मनाना सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आर्यन पगारे को भारी पड़ गया। सड़क पर केक काटकर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में आर्यन पगारे अपने साथियों के साथ सड़क पर केक काटकर जन्मदिन मनाते नजर आए। इस दौरान ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। ट्रैफिक के बीच इस तरह सड़क पर जन्मदिन मनाने का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने भी इसे लेकर नाराजगी जताई।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने लिया एक्शन

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस ने प्रिवेंटिव एक्शन लेते हुए घटना में इस्तेमाल वाहन का चालान किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद आर्यन पगारे को थाने बुलाया गया और उन्हें भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

सार्वजनिक रूप से मांगी माफी

पुलिस ने आर्यन पगारे से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में सड़क पर इस तरह जन्मदिन नहीं मनाने की बात कही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों और व्यस्त मार्गों पर इस तरह की गतिविधियां न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित करती हैं, बल्कि दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती हैं।

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने के चक्कर में यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। सड़क पर किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि से बचना चाहिए, जिससे ट्रैफिक बाधित हो या दुर्घटना की आशंका बने। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की हरकत सामने आने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।