उज्जैन: शहर के दमदमा इलाके में ट्रैक्टर शोरूम संचालक यश मित्तल (27) की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए मौका मुआयना कराया। इसी दौरान आरोपियों के साथ मारपीट का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी माफी मांगते हुए नजर आ रहे हैं।

हत्याकांड में अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, यश मित्तल हत्याकांड में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शनिवार को शेष तीन आरोपियों को भी हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर उनकी भूमिका और घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

हॉर्न बजाने को लेकर हुआ था विवाद

ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी यश मित्तल चिमनगंज मंडी क्षेत्र में ट्रैक्टर का शोरूम संचालित करता था। घटना के समय वह अपने दोस्तों के साथ कार से जा रहा था। दमदमा मोड़ के पास कुछ युवक अपने वाहन लेकर रास्ते में खड़े थे। रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर और शेंटू समेत कुछ युवकों ने यश और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। हमले में यश गंभीर रूप से घायल हो गया था, बाद में उसकी मौत हो गई।

आरोपियों की पिटाई का वीडियो वायरल

आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाने के दौरान का एक वीडियो सामने आया है। इसमें आरोपियों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है और वे माफी मांगते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो में मारपीट किसने की और किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।