उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की खाचरौद तहसील स्थित लालबाई-फूलबाई सब्जी मंडी में गोवंश से भरी तेज रफ्तार पिकअप ने चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में रेखा नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, लालबाई-फूलबाई सब्जी मंडी में लोग खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान गोवंश से भरी पिकअप बेकाबू होकर भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस गई और वहां मौजूद चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई।
महिला की मौत, तीन घायलों का इलाज जारी
हादसे में रेखा नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पिकअप वाहन की चपेट में लोगों के आने की घटना कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।
अज्ञात चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
