नई दिल्ली: केंद्र सरकार सोमवार, 30 नवंबर 2026 को लोकसभा में तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने जा रही है। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन विधेयक और संशोधित केंद्र शासित प्रदेश कानून विधेयक, 2026 शामिल हैं। इन विधेयकों में सबसे अहम परिसीमन विधेयक है, जिसका उद्देश्य लोकसभा और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने के साथ सीटों का पुनर्गठन करना है।

लोकसभा की कार्य-सूची के अनुसार, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन विधेयक पेश करेंगे। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संशोधित केंद्र शासित प्रदेश कानून विधेयक, 2026 पेश करेंगे।

30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक चार दिनों के लिए आयोजित किया जाएगा। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठकें 2 दिसंबर से शुरू होंगी। सरकारी कामकाज के आधार पर दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त होने की उम्मीद है।

कैबिनेट ने दो विधेयकों को दी मंजूरी, 850 सीटों का प्रस्ताव

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को दो विधेयकों को मंजूरी दी थी। इनमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव शामिल है। इस प्रस्ताव के लागू होने पर लोकसभा की सीटें बढ़कर 850 हो सकती हैं। प्रस्तावित सीट व्यवस्था अगले 25 वर्षों तक लागू रखने की बात कही गई है।

हालांकि, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया है। वहीं, कुछ विपक्षी दलों ने शर्तों के आधार पर सरकार के प्रस्तावों का समर्थन किया है।

राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक को बताया राजनीतिक चाल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की योजना देश के राजनीतिक माहौल को बदलने और सत्ता में बने रहने की राजनीतिक चाल है।

राहुल गांधी ने दावा किया कि महिला आरक्षण को परिसीमन आगे बढ़ाने के बहाने के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान संसद से पहले ही पारित हो चुका है और इसे लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या के भीतर भी लागू किया जा सकता है।

क्या है संशोधित केंद्र शासित प्रदेश कानून विधेयक?

संशोधित केंद्र शासित प्रदेश कानून विधेयक के तहत तीन मौजूदा कानूनों में बदलाव करने का प्रस्ताव है। इनमें गवर्नमेंट ऑफ यूनियन टेरिटरीज एक्ट, 1963, गवर्नमेंट ऑफ नेशनल कैपिटल टेरिटरी ऑफ दिल्ली एक्ट, 1991 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 शामिल हैं। इन संशोधनों का उद्देश्य दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी जैसे विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेशों में महिला आरक्षण से जुड़े प्रावधानों को लागू करना है।