MP News; भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वूमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के समापन समारोह में विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने टीम को बधाई देते हुए एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों को 2.5-2.5 लाख रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हॉकी दिलों को जोड़ती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों में स्वर्णिम युग की ओर लौट रहा है। देश में खेलों और खिलाड़ियों को भरपूर प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने शानदार तालमेल, लगन और जीत के संकल्प के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। चीन की टीम ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
भोपाल में पहली बार हुआ अंतरराष्ट्रीय स्तर का मुकाबला
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता आयोजित हुई है। चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम खिताब जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित कर चुकी है। उन्होंने कहा कि भोपाल अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है। इसके लिए हॉकी संगठनों को प्रस्ताव भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 जीतने पर भारतीय महिला टीम को बधाई दी।
सपोर्ट स्टाफ को भी मिलेगी ढाई-ढाई लाख की राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा की। इसके अलावा टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 2.5-2.5 लाख रुपये दिए जाएंगे।
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी खिलाड़ियों को दी बधाई
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया है। इससे हॉकी सहित अन्य खेलों से जुड़े खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।
समापन समारोह में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, खेल विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष दत्तो तैयब इकराम, एशियन हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष फोमियो ओगेरो और हॉकी इंडिया के पदाधिकारी मौजूद रहे। भोपाल के हॉकी ओलंपियन असलम शेर खान भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत में एशियन हॉकी फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट भोलानाथ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
