पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। सभी शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, ईको कार भंगालवाड़ गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना भी की। सीएम ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर बेहतर चिकित्सा सुविधाओं वाले अस्पतालों में पहुंचाने को कहा।
सीएम धामी ने मुआवजे का किया ऐलान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएम मोदी ने भी जताया दुख, PMNRF से सहायता की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पौड़ी गढ़वाल में हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
