Accident

MP Guna Accident News: गुना: मध्यप्रदेश के गुना जिले में शनिवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। मधुसूदनगढ़ इलाके में लटेरी-सुठालिया रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने चारों शवों को अस्पताल पहुंचाया है।

लटेरी-सुठालिया रोड पर आमने-सामने भिड़ीं दोनों बाइक

जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार शाम करीब 3:30 बजे हुआ। एक बाइक मधुसूदनगढ़ से सुठालिया की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बाइक सुठालिया से मधुसूदनगढ़ की तरफ आ रही थी। इसी दौरान लटेरी-सुठालिया रोड पर दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और चारों की मौत हो गई।

तीन मृतकों की हुई पहचान, चौथे का पता नहीं

हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों में से तीन की पहचान हो गई है। मृतकों में भगवान सिंह सिलावट, महेश पुत्र शंभू चौरसिया और बृजेश यादव शामिल हैं। भगवान सिंह और महेश विदिशा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि बृजेश यादव मधुसूदनगढ़ का रहने वाला था। चौथे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

पुलिस ने शव अस्पताल पहुंचाए, जांच जारी

थाना प्रभारी गोपाल चौबे ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मधुसूदनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने चारों शवों को मधुसूदनगढ़ अस्पताल पहुंचाया। चौथे मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।