MP Indore News: इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में क्राइम ब्रांच पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए 10 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी को देवास से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान देवास निवासी अमन पटेल के रूप में हुई है। बैकवर्ड ट्रेसिंग और पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान तस्करी के नेटवर्क में उसकी भूमिका सामने आई थी।
इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 का इजाफा कर उससे ड्रग्स सप्लाई चेन के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने इस कार्रवाई की जानकारी दी।
क्या है पूरा मामला?
क्राइम ब्रांच के अनुसार, 30 जून को पुलिस ने स्कीम नंबर 134 स्थित दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे घेराबंदी कर ब्लैक एंड व्हाइट रंग की महिंद्रा थार कार से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें फरहान शेख निवासी खिजराबाद, जम-जम कॉलोनी, अतीक उर्फ तौफीक खान उर्फ मोहम्मद तौकीद निवासी जूना रिसाला, अमान उर्फ फैजान खान निवासी बड़वाली चौकी, जूना रिसाला और फरहान खान निवासी जूना रिसाला शामिल थे।
आरोपियों से 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये बताई गई थी। इसके अलावा, करीब 19 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा थार कार भी जब्त की गई थी। इस तरह कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 21.30 लाख रुपये आंकी गई थी।
पूछताछ के दौरान तस्करी और सप्लाई नेटवर्क में देवास निवासी अमन पटेल की भूमिका सामने आई थी। वह मामले में फरार चल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपी अमन पटेल को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्नीचर का काम करता है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 का इजाफा करते हुए गिरफ्तारी की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से ड्रग्स की सप्लाई चेन के संबंध में पूछताछ कर रही है।
