Women Reservation Bill: नई दिल्ली: महिला आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने महिला आरक्षण लागू करने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि सरकार नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा हौसला बुलंद है, हमारी हिम्मत अटूट है और हमारा इरादा अडिग है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं…” उन्होंने वीडियो संदेश में कहा कि देश की सभी महिलाओं का आशीर्वाद सरकार के साथ है।
महिला आरक्षण के रास्ते की हर रुकावट दूर करेंगे: पीएम मोदी
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वर्षों से वह भी इसके लिए प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं इस विषय को उनके सामने उठाती रही हैं और अनेक बहनों ने पत्र लिखकर अपनी बातें बताई हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने देश की हर महिला को भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा।
विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की भागीदारी नहीं रोक पाएंगी
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने कहा कि हमारा हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा अडिग है। अब सिर्फ वक्त का इंतजार है।
30 नवंबर को लोकसभा में पेश होगा परिसीमन बिल
केंद्र सरकार परिसीमन बिल और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को संसद में लाने की तैयारी कर रही है। दी गई जानकारी के अनुसार, विधेयकों की प्रतियां संसद सदस्यों को वितरित कर दी गई हैं। सांसदों से इन्हें पढ़ने और कोई सवाल या आपत्ति होने पर उसे तैयार रखने को कहा गया है।
30 नवंबर को लोकसभा में बिल पेश किए जाने की तैयारी है। महिला आरक्षण का प्रस्ताव परिसीमन से जुड़ा हुआ है। सरकार की योजना के मुताबिक, विधेयक पारित होने और संबंधित प्रक्रिया पूरी होने पर 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार होगा।
We had made a promise to our Nari Shakti and we remain committed to fulfilling it… https://t.co/ZT3TK71Psh
— Narendra Modi (@narendramodi) November 28, 2026
