Union Cabinet Meeting: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है। करीब 40 मिनट तक चली इस बैठक में संसद के आगामी विशेष सत्र की कार्यवाही पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को भी मंजूरी दी है। इसमें सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात से 50 फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव है। सीटों की संख्या पर यह सीमा वर्ष 2051 तक लागू रहेगी।
सरकार ने आगामी 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाया है। इस दौरान विधेयक पर चर्चा होगी। सरकार की कोशिश दोनों सदनों में इसे पारित कराने की है।
मोदी सरकार ने जुटाए जरूरी नंबर: सूत्र
परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन जुटा लिया है। 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी, जबकि 3 दिसंबर को सत्रावसान होगा।
सूत्रों का दावा है कि सरकार के पास करीब 355 सांसदों का समर्थन है। बताया जा रहा है कि जरूरी संख्या जुटाने के बाद ही सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया। वहीं, विपक्ष इस प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि उसे न तो विधेयक की जानकारी दी गई और न ही उसकी कॉपी उपलब्ध कराई गई। चार दिन के नोटिस पर विशेष सत्र बुलाने को भी विपक्ष ने मुद्दा बनाया है।
शरद पवार और स्टालिन की पार्टियों के समर्थन के संकेत
विपक्षी खेमे की कुछ पार्टियों का रुख बदलने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी (शरद पवार गुट) के आठ सांसद विधेयक के समर्थन में मतदान कर सकते हैं। वहीं, डीएमके के 22 सांसदों के भी सरकार के साथ आने की बात कही जा रही है। इससे सरकार को विधेयक पारित कराने में मदद मिलने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, विपक्ष की कई पार्टियां सरकार के कदम को असंवैधानिक बता रही हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने जताया विरोध
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने विधेयक को लेकर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बिल भारत की आत्मा पर हमला है और सरकार के सारे हथकंडे विफल होंगे। उन्होंने दावा किया कि 2029 में जनता सरकार को करारा जवाब देगी।
आम आदमी पार्टी ने भी परिसीमन विधेयक का विरोध करने का ऐलान किया है। सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी हर हाल में इस बिल का विरोध करेगी। उनका आरोप है कि हिंदी पट्टी में सीटें बढ़ाने की साजिश की जा रही है, ताकि बीजेपी लंबे समय तक सत्ता में बनी रहे।
आरजेडी सांसद ने किया परिसीमन का समर्थन
विपक्षी दलों के विरोध के बीच आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव ने परिसीमन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यदि लोकसभा की सीटें बढ़ेंगी तो उनकी पार्टी इसके पक्ष में है। इस तरह परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच अलग-अलग रुख सामने आ रहे हैं।
